NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में रोजगार की बड़ी सौगात: पंचायत सचिवों के 300 पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू

शिमला/04/11/2025

job

शिमला। हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने लंबे समय से लंबित पंचायत सचिव भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद विभाग ने भर्ती का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर वित्त विभाग को भेज दिया है। इस योजना के तहत 300 पंचायत सचिवों की भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी।

प्रदेश में पंचायत सचिवों के रिक्त पदों की संख्या काफी अधिक है। वर्तमान में 899 पद खाली चल रहे हैं, जिसके कारण कई पंचायतों में एक सचिव को दो से तीन पंचायतों का काम संभालना पड़ रहा है। इससे ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे।

नई भर्ती योजना के अनुसार, चुने गए अभ्यर्थियों को पहले दो वर्ष जॉब ट्रेनी के रूप में काम करना होगा। इस अवधि के दौरान उनके कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। प्रदर्शन संतोषजनक रहने पर उन्हें बाद में नियमित सेवा में शामिल किया जाएगा। यह मॉडल सरकार के लिए बजट नियंत्रण और प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपनाया गया है।

भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से हिमाचल के हजारों युवाओं में उत्साह है, क्योंकि पंचायत सचिव का पद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और विकास कार्यों की महत्वपूर्ण कड़ी होता है। विभाग का मानना है कि चरणबद्ध भर्ती से पंचायतों का कामकाज सुचारू होगा और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आएगी।

इस कदम को ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक मजबूती और युवाओं को रोजगार अवसर प्रदान करने की दिशा में बड़ा फैसला माना जा रहा है।

Scroll to Top