हिमाचल में बारिश का कहर: पौंग डैम का जलस्तर खतरे से ऊपर, 60 गांवों को खाली करने के निर्देश
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। मंडी, कुल्लू और मनाली में तेज़ बारिश के बाद ब्यास नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। इसी बीच कांगड़ा जिले में पौंग डैम का पानी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है।
बुधवार देर रात बांध का जलस्तर 1396 फुट के पार चला गया। ऐसे में बीबीएमबी (भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड) ने गुरुवार दोपहर 2 बजे तक 1.10 लाख क्यूसेक पानी छोड़ने की घोषणा की है। इस वजह से कांगड़ा जिले के इंदौरा, फतेहपुर और देहरा उपमंडलों के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है।
प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी करते हुए प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, करीब 20 हजार लोग और 60 गांव इससे प्रभावित होंगे। सभी संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और स्थानीय निकायों को आपदा प्रबंधन की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इंदौरा उपमंडल प्रशासन ने ब्यास नदी से सटे 17 पंचायतों को विशेष सतर्कता बरतने के आदेश जारी किए हैं। वहीं, पंजाब से सटे निचले इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य सरकार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।