NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल प्रदेश में भाजपा का मजबूत संगठन : सौदान सिंह

VIPAKSH

ऊना। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा का संगठन बेहद मजबूत और अभेद्य है। उन्होंने संगठनात्मक कार्यशाला को संबोधित करते हुए बताया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।

सौदान सिंह ने बताया कि प्रदेश में 17 जिलों की कार्यसमितियों में कुल 874 सदस्य हैं, जिनमें से 358 महिलाएं और 258 अनुसूचित जाति, जनजाति एवं ओबीसी वर्ग से हैं। मंडल स्तर पर संगठन पहले 74 मंडलों तक सीमित था, जो अब बढ़कर 171 मंडल हो चुका है। इन मंडलों की कार्यसमितियों में 7587 सदस्य हैं, जिनमें से 2569 महिलाएं और 3532 एससी, एसटी व ओबीसी वर्ग से जुड़े हैं।

भाजपा ने प्रदेश के 8007 बूथों में से 7870 बूथों पर 11 सदस्यीय समितियां गठित कर दी हैं। बूथ स्तर पर भाजपा के कुल 89,646 कार्यकर्ता सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह तरुण संगठन 2027 विधानसभा चुनावों में हर बूथ पर पार्टी को और मजबूत बनाते हुए विजय की ओर अग्रसर होगा।

130वाँ संविधान संशोधन पर सौदान सिंह का बयान सौदान सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाए गए 130वें संविधान संशोधन को राजनीति में नैतिकता और सुशासन को मजबूत करने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून भ्रष्टाचार और अपराधीकरण समाप्त करने का प्रभावी हथियार बनेगा। इस प्रावधान के तहत कोई भी प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री यदि गंभीर अपराध में दोषी पाए जाने पर 30 दिन तक जेल में रहता है और राहत नहीं मिलती तो उसे पद छोड़ना पड़ेगा।

विपक्ष पर हमला सौदान सिंह ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जब देश इस पहल का स्वागत कर रहा है, तब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी जैसे दल भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के लिए इस विधेयक का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष "बहिष्कार ब्रिगेड" और "भ्रष्टाचार के संरक्षक" की भूमिका निभा रहा है।

सौदान सिंह ने कहा कि आज कांग्रेस की निर्लज्ज राजनीति और प्रधानमंत्री मोदी की नैतिक राजनीति के बीच का स्पष्ट अंतर सामने आ चुका है। विपक्ष को यह स्पष्ट करना होगा कि वे नैतिकता के साथ हैं या निर्लज्जता के साथ।

Scroll to Top