हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू
पक्ष-विपक्ष के बीच हंगामे के आसार, निकाय चुनाव और आपदा राहत पर होगी बड़ी चर्चा
शिमला ।18।08।2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 2 सितंबर तक चलेगा और इसमें कुल 12 बैठकें होंगी। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने उम्मीद जताई है कि सदन में अहम और सार्थक मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों की रणनीतियों को देखते हुए सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं।
निकाय चुनाव टलने का रास्ता साफ
सत्र के पहले ही दिन PWD मंत्री विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश नगरपालिका संशोधन अध्यादेश-2025 पेश करेंगे। इसके लागू होने के बाद प्रदेश में हाल ही में गठित नए नगर निकायों में चुनाव दो साल तक टल सकते हैं। निर्वाचन आयोग पहले ही इन निकायों में चुनाव की तैयारी शुरू कर चुका था, लेकिन अध्यादेश पास होने पर प्रक्रिया रोक दी जाएगी।
कुलपति की नियुक्ति का प्रस्ताव
आज सदन में कृषि और बागवानी विश्वविद्यालय तथा औद्योगिक विश्वविद्यालयों में कुलपति की नियुक्ति से जुड़े संशोधन विधेयक भी पेश होंगे। इसके साथ ही वर्ष 2024 का पुराना संशोधन विधेयक वापस ले लिया जाएगा।
विपक्ष की रणनीति – आपदा और शिक्षा मुख्य मुद्दा
विपक्ष ने मानसून सत्र को घेरने की तैयारी कर ली है। भाजपा ने रविवार को शिमला में विधायक दल की बैठक कर तय किया कि सदन में प्राकृतिक आपदा, नेरचौक मेडिकल यूनिवर्सिटी का शिफ्टिंग, ठुनाग हॉर्टिकल्चर कॉलेज, शिक्षा संस्थानों की तालाबंदी और सड़कों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया जाएगा।
आपदा राहत पर होगी चर्चा
सत्तापक्ष के विधायक—चंद्र शेखर, केवल सिंह पठानिया, सुरेश कुमार और नीरज नैयर—आपदा से हुए नुकसान पर चर्चा की मांग करेंगे। सरकार ने भी मानसून से हुए भारी नुकसान को लेकर विस्तृत चर्चा का प्रस्ताव लाया है।
विधानसभा सचिवालय को मिले 981 सवाल
इस सत्र में सदन में सवाल-जवाब भी बेहद रोचक रहने वाले हैं। विधानसभा सचिवालय को अब तक 981 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इनमें 793 तारांकित, 188 अतारांकित और 62 प्रश्न अलग-अलग नियमों के तहत उठाए जाएंगे। इसके अलावा 32 विषयों पर विशेष चर्चा भी होगी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सत्र के सुचारू संचालन के लिए विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसएसपी शिमला संजय गांधी ने पुलिस बल के साथ सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
सत्र के सुचारू संचालन के लिए विधानसभा परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एसएसपी शिमला संजय गांधी ने पुलिस बल के साथ सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।