NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर के प्रो. अतुल और प्रीति ठाकुर वर्ष 2025 में विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल

भोटा/22/09/2025

dr

हमीरपुर जिले के डेरा परोल गांव के दो प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, प्रोफैसर अतुल ठाकुर और प्रीति ठाकुर, को प्रतिष्ठित स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और एल्सेवियर की वर्ष 2025 की रैंकिंग में विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जिले, हिमाचल प्रदेश और भारत के लिए गर्व का विषय है।

प्रो. अतुल ठाकुर वर्तमान में एमिटी यूनिवर्सिटी हरियाणा, गुरुग्राम में इंस्टीच्यूट ऑफ नैनो टेक्नोलॉजी के निदेशक और विश्वविद्यालय के पेटेंट सेल के मुख्य समन्वयक हैं। प्रो. प्रीति ठाकुर एमिटी इंस्टीच्यूट ऑफ नैनो टेक्नोलॉजी की प्रमुख के रूप में नेतृत्व कर रही हैं।

यह गौरवपूर्ण उपलब्धि दोनों ने लगातार चौथे वर्ष हासिल की है, क्योंकि उन्हें वर्ष 2022, 2023 और 2024 की वैश्विक सूची में भी सम्मानपूर्वक स्थान मिला था। उनके शोध कार्य मुख्य रूप से चुंबकीय नैनो प्रौद्योगिकी और फेराइट्स के क्षेत्र पर केंद्रित हैं।

इनके अनुसंधान ने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिनमें माइक्रोवेव और उच्च आवृत्ति अनुप्रयोग, राडार अवशोषित सामग्री, जल शोधन तकनीक, एंटीना लघुकरण और संचार प्रणाली, उच्च घनत्व मैमोरी भंडारण, उन्नत सेंसर तकनीक, मैटा मैटीरियल्स और कृषि क्षेत्र में फेराइट्स के नवाचार शामिल हैं।

डा. अतुल ठाकुर ने अब तक 300 से अधिक शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित किए हैं, जबकि डा. प्रीति ठाकुर ने 272 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए हैं। इसके अलावा, दोनों ने संयुक्त रूप से 50 से अधिक पेटेंट और स्प्रिंगर, एल्सेवियर, सीआरएस प्रैस आदि अंतरराष्ट्रीय प्रकाशन समूहों के साथ कई संपादित पुस्तकें प्रकाशित की हैं।

दोनों वैज्ञानिकों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फ्रांस, अमेरिका, रूस, ताइवान और सऊदी अरब के विश्वविद्यालयों और अनुसंधान संस्थानों के साथ सहयोग है। यह उपलब्धि न केवल डेरा परोल और हमीरपुर के लिए, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश और भारत के लिए गर्व का विषय है।

Scroll to Top