NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

11 सालों में मोदी सरकार से हिमाचल को ₹54,662 करोड़

विकसित भारत में अहम होगी भूमिका: अनुराग ठाकुर

anurag

हिमाचल प्रदेश। दिल्ली के कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने हिमाचल प्रदेश को ₹54,662 करोड़ से अधिक की सहायता दी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत महायज्ञ में केवल हिमाचल ही नहीं बल्कि पूरे हिमालयी राज्यों की भूमिका अहम होगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 में पदभार संभालने के कुछ महीनों बाद ही हिमालयी राज्यों के लिए अलग और विशेष विकास नीति की बात रखी थी। आज 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम हो रहा है और इसमें हिमालय की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल को केंद्र से मिली मदद के कई उदाहरण हैं। इनमें बिलासपुर में ₹1,470 करोड़ की लागत से एम्स का निर्माण, चिंतपूर्णी मंदिर के लिए ₹56.26 करोड़ की मंजूरी, हमीरपुर के जोल सप्पड़ में मेडिकल कॉलेज, देहरा में सेंट्रल यूनिवर्सिटी, बिलासपुर में हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज, ऊना में PGI सैटेलाइट केंद्र, बल्क ड्रग पार्क की आधारशिला और हमीरपुर में राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण का राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र शामिल हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मोदी सरकार ने हिमाचल में रेल नेटवर्क का बड़ा विस्तार किया है। अंब अंदौरा से नई दिल्ली तक वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू की गई, अंब-अंदौरा, चिंतपूर्णी मार्ग और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशनों का काम पूरा हुआ और भानुपली-बिलासपुर रेलवे लाइन पर तेजी से काम चल रहा है। 2027 तक बिलासपुर भी रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये उदाहरण इस बात का प्रमाण हैं कि मोदी सरकार हिमाचल के विकास के लिए कितनी प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि बल्क ड्रग पार्क जैसी परियोजनाओं से हिमाचल जल्द ही देश का फार्मास्यूटिकल हब बनेगा और विकसित भारत के संकल्प में हिमालयी राज्यों की भूमिका निर्णायक होगी।

Scroll to Top