हिमाचल में वेतन कटौती पर भाजपा का वार, रवि शंकर प्रसाद बोले
कांग्रेस का असली चेहरा उजागर
शिमला/08/09/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की वेतन कटौती के आदेश को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में भाजपा की सरकार थी, तब कर्मचारियों को राहत देने के लिए वेतन बढ़ाया गया था, लेकिन अब कांग्रेस की मौजूदा सरकार ने कर्मचारियों की कमाई पर सीधा प्रहार कर दिया है।
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार ने सितंबर 2022 में सरकारी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया था, जिससे लाखों कर्मचारियों को सीधा लाभ मिला। मगर वर्तमान कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति का हवाला देते हुए वेतन में कटौती कर दी है। इससे हिमाचल प्रदेश के 89 कैटेगरी के सरकारी कर्मचारियों को हर महीने औसतन 10 से 15 हजार रुपये का नुकसान होगा।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही कांग्रेस का चुनाव से पहले जनता को खटाखट धोखा देने का तरीका है? क्या कांग्रेस अपने “खटाखट मॉडल” से किसानों की समस्याओं को हल कर सकती है? क्या यह युवाओं की रोजगार समस्या का समाधान है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर जगह जनता को गुमराह करती है और सत्ता में आने के बाद बहाने बनाने लगती है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस के शासन की पोल खोलते हुए कहा कि चाहे कर्नाटक हो, हिमाचल हो या तेलंगाना, कांग्रेस का गवर्नेंस रिकॉर्ड बेहद खराब है। कांग्रेस के पास न कोई नीति है, न नीयत और न ही शासन चलाने की क्षमता। उनकी रणनीति सिर्फ जनता को बड़े-बड़े वादों से भ्रमित करना और जिम्मेदारी आने पर रोना-धोना शुरू करना है।
रवि शंकर प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार वित्तीय प्रबंधन में इतनी कमजोर हो गई है कि अब वे सरकारी गाड़ियों तक को डिस्पोज़ ऑफ करने पर मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की अक्षमता और हिमाचल की चरमराई हुई अर्थव्यवस्था की असली तस्वीर है।
भाजपा नेता ने अंत में कहा कि कांग्रेस ने कर्मचारियों से धोखा किया है और जनता को भी गुमराह किया है। हिमाचल के लोग अब कांग्रेस की असलियत समझ चुके हैं और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देंगे।