हिमाचल: मुख्य सचिव ACS संजय गुप्ता ने सचिव-HOD पर कसा शिकंजा, समय पर दफ्तर आने और अनुशासन का आदेश
शिमला/03/10/2025
हिमाचल प्रदेश की अफसरशाही में फेरबदल के बाद अब लेटलतीफ और काम नहीं करने वाले सचिव और HOD पर कड़ी सख्ती लागू होने जा रही है। कांग्रेस सरकार ने बीते शनिवार को ACS संजय गुप्ता को मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। इससे पहले 30 सितंबर को प्रबोध सक्सेना रिटायर हो चुके हैं। अब राज्य के सबसे सीनियर और 1988 बैच के IAS संजय गुप्ता ही मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे हैं।
शहर से बाहर जाने पर सूचना देना अनिवार्य
संजय गुप्ता ने बताया कि CM सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दफ्तर में समय पर आएं और अनुशासन बनाए रखें। सचिव और HOD को शहर से बाहर जाने से पहले CM, संबंधित मंत्री और मुख्य सचिव को मैसेज कर इसकी जानकारी देना अनिवार्य होगी।
अधिकारियों की जवाबदेही और फाइलों का समय पर निपटान
मुख्य सचिव ने कहा कि सभी अधिकारियों की जवाबदेही (अकाउंटेबिलिटी) फिक्स की जाएगी। अब कोई भी फाइल एक-दो दिन से ज्यादा पेंडिंग नहीं रखी जा सकेगी। अधिकारी समय पर आएं, फाइलें निपटाएं और अनुशासन बनाए रखें।
संजय गुप्ता ने कहा कि जब उन्हें बिजली बोर्ड का कार्यभार मिला था, तो वहां हालात बहुत खराब थे। चेयरमैन भी नियमित नहीं आते थे। उन्होंने खुद दफ्तर में बैठना शुरू किया, जिसके बाद सभी अधिकारी और कर्मचारी भी समय पर आने लगे। उन्होंने बताया कि बिजली बोर्ड जैसी संस्थाओं को नुकसान पहुंचाया गया था, इसलिए अब अनुशासन बनाए रखना प्राथमिकता होगी।
सरकार की सात प्राथमिकताएं और आर्थिक स्थिति
मुख्य सचिव ने बताया कि सरकार की सात प्रमुख प्राथमिकताएं हैं:
शिक्षा
स्वास्थ्य
ग्रामीण अर्थव्यवस्था
पर्यटन
हाइड्रो
डेटा स्टोरेज
नेचुरल फार्मिंग
संजय गुप्ता ने कहा कि अगले चार-छह महीने आर्थिक स्थिति चुनौतीपूर्ण रह सकती है, लेकिन 2026 और 2027 में उम्मीद है कि स्थिति सुधरेगी। मानसून से हुए नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार से संपर्क भी किया जा रहा है।