NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल कांग्रेस संगठन को लेकर हलचल तेज, CM सुखविंदर सिंह और रजनी पाटिल के बीच लंबी चर्चा

rajni patil

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल से शिमला के सिसिल होटल में संगठन और नए अध्यक्ष को लेकर लंबी चर्चा की। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता व ठियोग से विधायक कुलदीप राठौर ने भी रजनी पाटिल से मुलाकात की।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में CM सुक्खू ने कहा कि संगठन से जुड़े कार्यक्रमों पर मंथन हुआ है, लेकिन उन्होंने पार्टी अध्यक्ष पद के लिए किसी एक नाम का सुझाव नहीं दिया। सुक्खू ने कहा, “हमारे लिए सभी एक समान हैं। पार्टी को आगे बढ़ाने की दिशा दी गई है, और संगठन को लेकर हाईकमान विचार कर रहा है।”

गुटबाजी से लटका संगठन का गठन
सूत्रों के अनुसार नए अध्यक्ष के चयन में गुटबाजी सबसे बड़ी बाधा बनी हुई है। मुख्यमंत्री सुक्खू अपनी पसंद का अध्यक्ष चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक संजय अवस्थी, सुरेश कुमार और विनोद सुल्तानपुरी के नाम आगे किए हैं, लेकिन इन पर पार्टी के दूसरे धड़ों की आपत्तियां हैं। दूसरी ओर, कुलदीप राठौर, आशिष बुटेल और विनय कुमार जैसे नेताओं के नाम भी चर्चा में हैं।

राठौर को हाईकमान देना चाहता है जिम्मेदारी
कांग्रेस हाईकमान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर को एक बार फिर कमान सौंपना चाहता है, लेकिन राठौर खुद इस जिम्मेदारी से बचना चाह रहे हैं। वे पहले भी अध्यक्ष रह चुके हैं। इधर, दिल्ली में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ हुई मीटिंग के बाद शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का नाम भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो गया है।

9 महीने से संगठन ठप
हिमाचल कांग्रेस पिछले 9 महीने से बिना संगठन के चल रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 6 नवंबर को जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग कर दी थी। इसके बाद से कांग्रेस विधायक बार-बार नया संगठन बनाने की मांग उठा रहे हैं। हाल ही में हुई विधायक दल की बैठक में भी कई विधायकों ने संगठन गठन का मुद्दा प्रभारी रजनी पाटिल के सामने रखा।

प्रभारी रजनी पाटिल दिल्ली जाएंगी
सूत्र बताते हैं कि सुक्खू और राठौर के साथ चर्चा के बाद रजनी पाटिल अब दिल्ली जाकर पार्टी हाईकमान को पूरी रिपोर्ट सौंपेंगी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर जल्द ही फैसला हो सकता है।

Scroll to Top