हिमाचल में महिला पर डाक से ट्रिपल तलाक, पति पर शारीरिक शोषण और धमकी का आरोप
बिलासपुर/22/09/2025
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में रुबिया बानों ने अपने पति सादिक मोहम्मद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए भराड़ी थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। महिला का कहना है कि उसके पति ने डाक के जरिए उसे तीन तलाक भेजा और साथ ही शारीरिक शोषण, धमकी और आठ लाख रुपये की मांग की।
रुबिया बानों ने बताया कि उनकी शादी 23 सितंबर 2022 को जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के डोडला, भूंड तहसील में मुस्लिम रीति-रिवाज से सादिक मोहम्मद से हुई थी। शादी के बाद महिला मायके में रह रही थी। शादी के दो महीने तक सब कुछ ठीक था, लेकिन बाद में पति ने मानसिक और शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति की यह चौथी शादी है और उसकी पहली शादी से दो बेटियाँ हैं, जो रुबिया की उम्र की ही हैं। सादिक मोहम्मद ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि उसे और उसके माता-पिता को मरवाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
महिला ने यह भी कहा कि उसके पति ने उससे आठ लाख रुपये की मांग की और कहा कि तभी वह उसे साथ रखेगा। महिला ने बताया कि उनके पति हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) में नौकरी करते हैं और शिमला में तैनात हैं। 11 अगस्त को सादिक ने डाक के जरिए तीन तलाक भेजा।
इस मामले में पुलिस ने महिला की शिकायत पर भराड़ी थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुबिया बानों ने वीडियो बयान भी जारी कर अपने आरोपों को सार्वजनिक किया है।