NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

वन महोत्सव में लगे 35 हजार से ज्यादा पौधे, सीएम सुक्खू ने विधानसभा में दी रिपोर्ट

cm sukhu

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को अपने छठे दिन में पहुंचा। दो दिन के अवकाश के बाद दोपहर 2 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों ही दलों के सदस्य जनता से जुड़े सवाल पूछते हुए सक्रिय दिखे।

सदन में कुल 74 सवाल पूछे गए, जिनमें 60 तारांकित और 14 अतारांकित प्रश्न शामिल रहे। नेताओं ने विभिन्न विभागों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वन महोत्सव को लेकर विस्तृत जानकारी सदन में रखी। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2025 तक प्रदेशभर में कुल 35,240 पौधे लगाए गए। इनमें से एनजीओ, महिला मंडल और युवक मंडल द्वारा 1,050 पौधे, शैक्षणिक संस्थानों (स्कूल व आईटीआई) द्वारा 2,070 पौधे तथा वन विभाग द्वारा 32,120 पौधे रोपे गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वन महोत्सवों के आयोजन पर 17,87,720 रुपए और पौधरोपण कार्य पर 14,92,050 रुपए खर्च किए गए। लगाए गए पौधों की जीवित दर 60 से 100 प्रतिशत के बीच पाई गई है।

सदन में सवाल-जवाब और वन महोत्सव की रिपोर्ट साझा करने के साथ ही सदस्यों ने राज्य के विकास और पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए जनता के हित में कई सुझाव भी पेश किए।

Scroll to Top