हिमाचल विधानसभा ने डॉ वाई. एस. परमार को भारत रत्न देने अनुशंसा की
केंद्र को भेजा प्रस्ताव
शिमला।21।08।2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में गुरुवार को एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। सदन ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और राज्य निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न देने की अनुशंसा की। यह प्रस्ताव नाहन से विधायक अजय सोलंकी लेकर आए थे, जिसे सत्ता और विपक्ष दोनों का समान समर्थन मिला। अब विधानसभा का यह संकल्प केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
अजय सोलंकी ने सदन में कहा कि डॉ. परमार सिर्फ़ हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि राज्य की असली नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। उनके नेतृत्व और विज़न ने हिमाचल को विकास की राह पर अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश की भावना है कि डॉ. परमार को भारत रत्न से सम्मानित किया जाए। इस प्रस्ताव पर सत्ता-पक्ष और विपक्ष का एक साथ खड़ा होना प्रदेश की एकजुटता और डॉ. परमार के प्रति गहरी श्रद्धा का प्रतीक माना जा रहा है।