NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल विधानसभा में बवाल: हिमकेयर योजना पर सरकार- विपक्ष आमने-सामने

शिमला।19।08।2025

VIDHNSABHA HANGAMA

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन (19 अगस्त) हिमकेयर योजना को लेकर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने अस्पतालों पर 364 करोड़ रुपये से अधिक की लंबित देनदारियों का मुद्दा उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। सरकार की ओर से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। जयराम ठाकुर का सरकार पर हमला नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि हिमकेयर योजना पूरी तरह से दम तोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही से मरीज दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं और अस्पताल बकाया भुगतान न मिलने के कारण इलाज से इनकार कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने यह भी दावा किया कि कई जगह मरीजों को इलाज के लिए अपने जेवर तक गिरवी रखने पड़े। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की यह बदहाल स्थिति प्रदेश के लिए शर्मनाक है। “मुख्यमंत्री की स्थिति हास्यास्पद” – जयराम ठाकुर पूर्व सीएम ने सदन में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सदन में उनकी स्थिति हास्यास्पद हो गई है। जयराम का कहना था कि मंत्री और विधायक मुख्यमंत्री की बात तक नहीं सुन रहे हैं। सीएम सुक्खू का विपक्ष पर पलटवार वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने हिमकेयर योजना बंद नहीं की है बल्कि इसमें सुधार किए जा रहे हैं। सीएम ने दावा किया कि पिछली भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना पर 1000 करोड़ रुपये खर्च कर दिए और इसमें भाई-भतीजावाद और बड़े घोटाले किए गए। यह मुद्दा आने वाले दिनों में हिमाचल की राजनीति को और गर्मा सकता है, क्योंकि सरकार और विपक्ष दोनों ही एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं।

Scroll to Top