हिमाचल विधानसभा में महंगाई भत्ते पर हंगामा, भाजपा विधायकों का वॉकआउट
शिमला । 21/08/2025
शिमला।हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में शुक्रवार को कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) और एरियर को लेकर जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों ने वेल में नारेबाजी की और नाराज होकर सदन से वॉकआउट कर दिया।
दरअसल, भाजपा विधायक सतपाल सत्ती ने कर्मचारियों के डीए और एरियर से जुड़ा सवाल सदन में उठाया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसका जवाब दिया, लेकिन विपक्ष ने सप्लीमेंटरी सवाल पूछने की मांग की। स्पीकर ने इसकी इजाजत नहीं दी, जिसके बाद विपक्ष भड़क उठा और नारेबाजी करते हुए सदन से बाहर आ गया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सीएम ने बजट पेश करते समय वादा किया था कि डीए की किश्त मार्च में जारी कर दी जाएगी, लेकिन तीन महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कर्मचारियों को डीए नहीं मिला। कर्मचारी लगातार सरकार से अपनी मांग उठा रहे हैं, जबकि 11 प्रतिशत डीए पहले ही तय हो चुका है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व की वीरभद्र सरकार द्वारा छोड़ा गया एरियर भाजपा सरकार ने क्लियर किया था। लेकिन अब मुख्यमंत्री यह कह रहे हैं कि 10 हजार करोड़ रुपये का एरियर पिछली सरकार ने छोड़ दिया। ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार वादे करने में आगे है, लेकिन उन्हें पूरा करने में नाकाम है।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का डीए और एरियर समय पर जारी करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन बार-बार तारीखें बदलकर कर्मचारियों के साथ छलावा किया जा रहा है।