हिमाचल विधानसभा में गूंजे भारत-पाक मैच और बेरोज़गारी के मुद्दे
शिमला।20।08।2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र बुधवार को हंगामेदार रहा। सदन में एक ओर जहां भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच का मुद्दा उठा, वहीं दूसरी ओर बेरोज़गारी को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने आ गए। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक मलेन्द्र राजन ने मांग रखी कि भारत को पाकिस्तान के साथ क्रिकेट नहीं खेलना चाहिए। उनका कहना था कि जब तक दोनों देशों के रिश्ते सामान्य नहीं होते, तब तक खेल के स्तर पर भी कोई सहयोग उचित नहीं है। राजन ने सुझाव दिया कि विधानसभा सचिवालय केंद्र सरकार और बीसीसीआई को प्रस्ताव भेजे ताकि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले रोके जा सकें। रोज़गार के सवाल पर विपक्ष का हंगामा, सदन से वॉकआउट इसी बीच, प्रश्नकाल में बेरोज़गारी का मुद्दा छाया रहा। भाजपा विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया कि नई नौकरियां देने के बजाय सिर्फ पुराने रिजल्ट जारी किए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर साल एक लाख और पांच साल में पांच लाख रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक युवाओं को नौकरी नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते साल सरकार ने सदन में 34,980 नियुक्तियों का दावा किया था, जबकि इस बार 15 अगस्त को मुख्यमंत्री ने 23,191 नौकरियों की बात कही। वहीं, सरकार की ओर से जवाब आया कि ट्रेनी पॉलिसी युवाओं को अनुभव और प्रशिक्षण देने के लिए लागू की गई है। लेकिन विपक्ष ने इसे युवाओं के साथ धोखा बताते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। बुधवार को पूरा दिन सदन में बहस और हंगामे का गवाह बना। एक तरफ भारत-पाक मैच को लेकर राष्ट्रीय भावना की चर्चा रही, तो दूसरी ओर रोजगार जैसे अहम मुद्दे पर सरकार और विपक्ष में तीखी नोकझोंक हुई।