हिमाचल में फिर बदलने वाला है मौसम: 27 अक्टूबर से बरसेंगे बादल, गिरेगा तापमान और बढ़ेगी ठंड
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 27 अक्टूबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आएगी और पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन बढ़ने लगेगी।
अभी फिलहाल 25 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान दिन में धूप खिलने से तापमान में हल्का इजाफा देखने को मिलेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय कई स्थानों पर हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं महसूस की जा सकती हैं। खासकर बिलासपुर और मंडी जिलों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से शुरू होने वाला यह पश्चिमी विक्षोभ कुल्लू, मनाली, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला और सिरमौर जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ऊंची पहाड़ियों पर हल्की बर्फबारी ला सकता है। जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
पर्यटन स्थलों पर बढ़ेगी रौनक
शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम साफ रहा। कुल्लू-मनाली, अटल टनल रोहतांग और रोहतांग दर्रा में धूप खिलने के कारण पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे और बर्फ में मस्ती करते दिखे। मौसम साफ रहने से फिलहाल यात्रा और पर्यटन गतिविधियों में कोई बाधा नहीं आई, लेकिन 27 अक्टूबर के बाद बारिश के चलते हालात बदल सकते हैं।
राज्यभर का अधिकतम तापमान
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। ऊना सबसे गर्म स्थान रहा जहां तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा हमीरपुर में 31.8, बिलासपुर में 30.9, कांगड़ा में 30.0, सुंदरनगर में 29.3, और धर्मशाला में 27.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। वहीं शिमला में 21.8, मनाली में 18.8, कल्पा में 18.6 और कुफरी में न्यूनतम 14.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 27 अक्टूबर से मौसम बिगड़ने की संभावना को देखते हुए विभाग ने कहा है कि किसान अपनी फसलों की सुरक्षा के इंतजाम करें और पर्यटक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा से पहले ताजा मौसम अपडेट जरूर लें।