हिमाचल के किसानों को बड़ा झटका: गेहूं के बीज पर सब्सिडी पाँच रुपये घटाई, अब मिलेगा केवल ₹10 प्रति किलो अनुदान
मंडी/04/11/2025
हिमाचल प्रदेश में आगामी रबी सीजन से पहले किसानों को सरकार ने तगड़ा झटका दिया है। कृषि विभाग ने गेहूं के बीज पर दी जाने वाली सब्सिडी में कटौती कर दी है। पिछले वर्षों तक किसानों को बीज पर ₹15 प्रति किलो की सब्सिडी मिलती थी, लेकिन इस बार इसे घटाकर ₹10 प्रति किलो कर दिया गया है। विभाग का कहना है कि इस साल राज्य सरकार की ओर से कृषि विभाग को बजट अपेक्षाकृत कम मिला है, जिसके चलते यह निर्णय लेना पड़ा।
कृषि विभाग ने पूरे हिमाचल के 12 जिलों में 85,000 क्विंटल गेहूं बीज उपलब्ध करवा दिया है, और जिलों के माध्यम से किसानों को वितरण भी शुरू हो गया है। जैसे ही बीज किसानों तक पहुंचेगा, वे बुआई की तैयारी शुरू कर सकेंगे। प्रदेश में लगभग 2.25 लाख हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती होती है, जिसमें कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और चंबा प्रमुख जिले हैं। ऐसे में सब्सिडी कम होने का सीधा असर हजारों किसानों की लागत पर पड़ेगा।
मंडी जिला में इस बार 16,000 क्विंटल गेहूं बीज की मांग मिली है, जबकि विभाग अब तक 14,000 क्विंटल बीज मंडी पहुंचा चुका है। कृषि उपनिदेशक डॉ. राम चंद्र चौधरी ने बताया कि बीज को विभिन्न ब्लॉकों में भेजा जा रहा है ताकि किसानों को समय पर उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं के अलावा जौ, बरसीन, मटर और सब्जियों के बीज भी ब्लॉक ऑफिस के माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
किसान संगठनों का मानना है कि सब्सिडी में कटौती से पहले ही बढ़ती महंगाई और उत्पादन लागत झेल रहे किसानों पर और आर्थिक बोझ बढ़ेगा। सरकार को किसानों के हित में इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठने लगी है।