पंचकूला में हिमाचली युवक की संदिग्ध मौत, चार बहनों का इकलौता भाई था रमेश
शिमला : हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के संजौली निवासी 25 वर्षीय रमेश का शव पंचकूला-चंडीगढ़ बॉर्डर पर मिलने से सनसनी फैल गई। रमेश चार बहनों का इकलौता भाई था। वीरवार रात उसका शव मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट के पास झाड़ियों में संदिग्ध हालत में मिला।
गाड़ी ठीक करवाने आया था चंडीगढ़
जानकारी के मुताबिक रमेश 25 अगस्त को शिमला से चंडीगढ़ गाड़ी ठीक करवाने आया था। यहां उसकी मुलाकात उसके परिचित मन्नू और चक्सू से हुई। दोनों भी किसी काम से चंडीगढ़ आए थे।
आखिरी बार बहन से हुई थी बातचीत
मृतक की बड़ी बहन डॉली ने बताया कि 26 अगस्त की रात करीब 8 बजे उसकी रमेश से आखिरी बार बातचीत हुई थी। इसके बाद फोन लगातार बजता रहा, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
दोस्तों पर गहराया शक
मामले में कई सवाल खड़े हो गए हैं। मन्नू ने अपने दोस्त सूरज को कॉल कर बताया कि रमेश खून से लथपथ झाड़ियों में पड़ा है। इसके बाद सूरज ने रमेश के भांजे को इसकी जानकारी दी। पुलिस अब मन्नू और चक्सू से पूछताछ कर रही है।
पैसे भी बने जांच का हिस्सा
परिजनों ने बताया कि रमेश को गाड़ी मालिक से 20 से 22 हजार रुपये मिले थे। ये पैसे कहां गए और किस काम में खर्च हुए, इसकी भी जांच की जा रही है।
नशे से मौत की आशंका
पुलिस को मौके से सीरिंज बरामद हुई हैं। पंचकूला पुलिस का कहना है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होने की आशंका है। शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-6 अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
परिजनों का आरोप है कि उन्होंने रात को चंडीगढ़ पहुंचकर खुद शव की तलाश की। इस दौरान न तो शिमला पुलिस ने मदद की और न ही चंडीगढ़ पुलिस ने कोई सहयोग दिया।