शिमला के राम मंदिर में 20 अगस्त को सजेगा कृष्ण जन्मोत्सव, 26वें गौरवशाली वर्ष में भजन संध्या और भंडारे का आयोजन
शिमला - 19/08/2025
शिमला। राजधानी शिमला के राम मंदिर में इस बार जन्माष्टमी पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। लड्डू गोपाल के कीर्तन और छठी के विशेष आयोजन के साथ यह पर्व अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को निभाते हुए अब 26वें गौरवशाली वर्ष में प्रवेश कर रहा है।
इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायक बलदेव शर्मा (लुधियाना वाले) अपनी पार्टी सहित भक्ति संध्या प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन बुधवार, 20 अगस्त 2025 को किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक राम मंदिर में भजन संध्या आयोजित होगी, वहीं दोपहर 1:00 बजे से राम मंदिर हॉल में प्रसाद स्वरूप भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह कार्यक्रम केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के नाम संकीर्तन में लीन होते हैं और दिव्य आनंद की अनुभूति करते हैं।