सौरभ भारद्वाज का चुनाव आयोग पर आरोप: वोटर लिस्ट फर्जीवाड़ा छुपाने में सक्रिय भूमिका
नई दिल्ली/20/09/2025
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार को चुनाव आयोग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि दिल्ली विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से नाम काटने और फर्जी आवेदन डालने जैसे मामलों में चुनाव आयोग पारदर्शिता बरतने में विफल रहा है। भारद्वाज ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र समेत कई इलाकों में मतदाता सूची से नाम काटने की 6166 शिकायतें दी गईं, लेकिन आयोग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने जनवरी में ही लिखित शिकायतें दी थीं, जिसमें 5 जनवरी को मुख्यमंत्री के लेटरहेड पर आवेदन दिया गया और 8 व 9 जनवरी को विस्तृत शिकायतें सौंपी गईं। इन शिकायतों में स्पष्ट किया गया था कि वोट डिलीशन की फर्जी एप्लीकेशन डाली गई। बावजूद इसके आयोग की तरफ से न तो कोई एफआईआर दर्ज की गई और न किसी व्यक्ति से पूछताछ हुई। जब इस विषय पर आरटीआई डाली गई, तो आयोग ने इसे व्यक्तिगत जानकारी बताकर नकार दिया, जबकि वही जानकारी रात 9:15 बजे अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सार्वजनिक कर दी गई। सौरभ भारद्वाज ने इसे आयोग की मिलीभगत बताते हुए कहा कि यह फर्जीवाड़ा छुपाने में सक्रिय भूमिका है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा हो सकता है, क्योंकि दिल्ली में कांग्रेस का प्रभाव कम है और भाजपा सरकार में पुलिस और जांच एजेंसियां काम करती हैं। सौरभ ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि आयोग को एफिडेविट चाहिए तो आम आदमी पार्टी देने के लिए तैयार है, लेकिन शिकायतों को नजरअंदाज करना यह साबित करता है कि चुनाव आयोग राजनीतिक दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।