बड़सर में शातिर महिला ने विधायक की दरियादिली का किया दुरुपयोग, लाखों की ठगी की कोशिश
बड़सर/18/09/2025
उपमंडल बड़सर में लोगों की दरियादिली का फायदा उठाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सलौणी क्षेत्र की एक महिला ने बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल को फोन कर कहा कि उसका बेटा गंभीर रूप से बीमार है और इलाज के लिए तत्काल 10,000 रुपए की आवश्यकता है। विधायक ने महिला की आपत्ति को देखते हुए तुरंत 10,000 रुपए उसके खाते में भेज दिए।
लेकिन जब विधायक कार्यालय ने महिला से पुनः संपर्क किया, तो पता चला कि पैसे किसी मोबाइल दुकानदार के खाते में गए और महिला ने उन्हें मोबाइल खरीदने में खर्च कर दिया। जब महिला से पैसे वापस मांगे गए, तो उसने केवल 7,000 रुपए लौटाए। जांच में यह भी सामने आया कि यह महिला पहले भी कई बार ऐसे झूठे और शातिर प्रयास कर चुकी है।
सूत्रों के अनुसार, महिला ने पहले भी पति के एक्सीडेंट, सिलेंडर फटने से बच्चों के घायल होने जैसी झूठी घटनाओं का हवाला देकर 20,000 से 50,000 रुपए की मांगें की थीं। एक अन्य मामले में महिला ने कहा कि उसके पिता गिरफ्तार हो गए हैं और बेल के लिए पैसे चाहिए, लेकिन जांच में पता चला कि यह दावा भी झूठा था।
विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि उनके दरवाजे हमेशा जरूरतमंद लोगों के लिए खुले हैं, लेकिन इस तरह के शातिर लोग दरियादिली का फायदा उठाकर ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जनता से सचेत रहने की अपील की और कहा कि ऐसे मामलों में यदि ठगी के प्रयास जारी रहे तो पुलिस की मदद ली जाएगी।
यह मामला यह स्पष्ट करता है कि दरियादिली का गलत फायदा उठाने वाले लोग किसी भी क्षेत्र में हो सकते हैं और लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।