सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी, इन शर्तों को पूरा करना अनिवार्य
नई दिल्ली/16/09/2025
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि बोर्ड परीक्षा में केवल वही छात्र शामिल हो सकेंगे जो कुछ जरूरी शर्तों को पूरा करेंगे। इसके तहत छात्रों के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है, ताकि वे बोर्ड परीक्षा में बैठ सकें।
सीबीएसई के अनुसार, 10वीं और 12वीं की पढ़ाई दो वर्षीय कार्यक्रम है, इसलिए छात्र को 9वीं और 10वीं या 11वीं और 12वीं में संबंधित विषयों की पढ़ाई लगातार करनी जरूरी है। बोर्ड ने यह भी कहा है कि यदि कोई छात्र स्कूल नहीं जाता है, तो उसका आंतरिक मूल्यांकन संभव नहीं होगा और परिणाम घोषित नहीं किया जाएगा क्योंकि सभी विषयों में आंतरिक मूल्यांकन अब परीक्षा का अभिन्न हिस्सा है।
इसके अलावा बोर्ड ने अतिरिक्त विषयों को लेकर भी नियम बनाए हैं। 10वीं कक्षा के छात्र अधिकतम दो अतिरिक्त विषय ले सकते हैं जबकि 12वीं के छात्रों को केवल एक अतिरिक्त विषय की अनुमति दी गई है।
यह नए नियम छात्रों की पढ़ाई में अनुशासन लाने और परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा में बैठने से पहले छात्रों को इन सभी शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।