NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चमोली नंदानगर में अतिवृष्टि का कहर: 10 लोग लापता, कई मकान जमींदोज

चमोली/18/09/2025

chamoli

चमोली, उत्तराखंड। चमोली जिले के नंदानगर तहसील में 17 सितंबर को भारी अतिवृष्टि और मलबे के कारण भयंकर तबाही हुई। लगातार बारिश और बादल फटने से कुंतरी फाली और धुरमा गांव में फ्लैश फ्लड आया। इस आपदा में कुल 10 लोग लापता हैं।

कुंतरी फाली से लापता लोग हैं: कुंवर सिंह (42) पुत्र बलवंत सिंह, उनकी पत्नी कांता देवी (38), उनके बेटे विकास और विशाल, नरेन्द्र सिंह (40) पुत्र कुताल सिंह, जगदम्बा प्रसाद (70) पुत्र ख्याली राम, उनकी पत्नी भागा देवी (65), और देवेश्वरी देवी (65) पत्नी दिलबर सिंह। धुरमा गांव से गुमान सिंह (75) पुत्र चन्द्र सिंह और उनकी पत्नी ममता देवी (38) लापता हैं। अब तक दो लोगों को बचा लिया गया है।

भारी बारिश और मलबे के कारण कुंतरी गांव में छह भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि धुरमा में 4-5 भवनों को नुकसान पहुंचा है। मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो गई है। स्थानीय लोग अपने घरों में फंसे हुए हैं और अंधेरा होने के कारण कई लोगों तक संपर्क नहीं हो पा रहा है।

जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया। नंदानगर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। एनडीआरएफ गौचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हुई है। मेडिकल टीम और तीन 108 एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। जेसीबी मशीनों को मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

स्थानीय लोग और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं, लेकिन हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हैं। जिला प्रशासन के संदीप तिवारी ने बताया कि लगातार बारिश और मलबे के कारण लोगों तक पहुंचना कठिन है, लेकिन लापता लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

chamoli2
Scroll to Top