मुख्यमंत्री ने लांस दफेदार बलदेव चन्द की शहादत पर व्यक्त किया शोक
शिमला /20/09/2025
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लांस दफेदार बलदेव चन्द की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बलदेव चन्द 4 राष्ट्रीय राइफल्स (बिहार) के जवान थे और जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए। वह बिलासपुर जिले की झंडूता तहसील के गंगलोह गांव के निवासी थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बलदेव चन्द ने देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए। उनके इस सर्वोच्च बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
सुक्खू ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
बलदेव चन्द की शहादत ने प्रदेशवासियों में देशभक्ति और वीरता की भावना को एक बार फिर जगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन घड़ी में राज्य सरकार परिवार के साथ खड़ी है और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।