कांग्रेस सरकार पर राकेश जमवाल का आरोप: पंचायत और निकाय चुनावों से भाग रही है
शिमला/09/10/2025
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों से पूरी तरह मुंह मोड़कर लोकतंत्र से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि हार के डर से कांग्रेस सरकार चुनाव स्थगित करने की साजिश रच रही है और इसके लिए विभिन्न जिलों के डीसी और विभागों को मोहरा बनाया जा रहा है।
जमवाल ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों के उपायुक्तों (DCs) को पंचायती राज विभाग के सचिव के माध्यम से पत्र लिखवाए गए हैं। इन पत्रों में आपदा और प्रशासनिक व्यस्तता का हवाला देकर चुनाव स्थगित करने का सुझाव दिया गया। उन्होंने कहा कि पहले स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए रिजर्वेशन-रोस्टर तैयार कर ड्रॉ के लिए अधिकारियों और प्रतिनिधियों को बुलाया जाता है, और कुछ देर बाद ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाता है कि चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। यह साफ तौर पर कांग्रेस सरकार की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से भागने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।
मुख्य प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि हर पांच वर्ष में पंचायत, निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव संविधान द्वारा निर्धारित हैं। इन चुनावों का समय पर होना लोकतंत्र की मूल आत्मा है। लेकिन कांग्रेस सरकार जानबूझकर लोकतंत्र की नींव को कमजोर कर रही है ताकि जनता की आवाज़ दबाई जा सके।
राकेश जमवाल ने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की तीन वर्ष की नाकामी और झूठी गारंटियों का पर्दाफाश हो चुका है। हर वर्ग – युवा, महिलाएं और कर्मचारी – ठगे गए हैं। अब जनता सवाल पूछ रही है, इसलिए कांग्रेस सरकार चुनाव टालकर अपनी हार से बचने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को यह समझना होगा कि लोकतंत्र बहानों से नहीं चलता, बल्कि जनता की सक्रिय भागीदारी से चलता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को जानबूझकर विलंबित किया, तो भाजपा इसका कड़ा विरोध करेगी। राकेश जमवाल ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और कांग्रेस सरकार का यह रवैया जनता के अधिकारों पर कुठाराघात है। भाजपा लोकतंत्र और पंचायत व्यवस्था की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।