NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दिल्ली के कई स्कूलों को बम धमकी, केजरीवाल बोले- माता-पिता रोज़ डर में जी रहे हैं

नई दिल्ली/20/09/2025

BOMB

नई दिल्ली: दिल्ली के कई स्कूलों को आज फिर बम धमकी मिली, जिससे स्कूलों में हड़कंप मच गया और छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों में भी डर का माहौल बन गया। सुबह-सुबह स्कूल प्रशासन को धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए, जिनमें DPS द्वारका, कृष्णा मॉडल पब्लिक स्कूल और सर्वोदय विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा द्वारका और नजफगढ़ के अन्य स्कूलों को भी धमकी ईमेल भेजे गए हैं

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ते, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वायड घटनास्थल पर पहुंचीं। स्कूलों को खाली कराया गया और सर्च ऑपरेशन किया गया। अब तक जांच में किसी भी स्कूल से कोई विस्फोटक पदार्थ नहीं मिला है।

यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के स्कूलों को बम धमकी भरे ईमेल मिले हैं। शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर के कुछ स्कूलों को इसी तरह की धमकी मिली थी, जिससे माता-पिता और बच्चों में डर का माहौल बन गया था। पुलिस ने कहा कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा कड़ी रहेगी और दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

स्कूल के बाहर मौजूद अभिभावकों ने बताया कि धमकी मिलने पर वे डर गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि बच्चे सुरक्षित थे। मौके पर मेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस भी तैनात किए गए थे, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। स्कूल प्रशासन ने बताया कि ईमेल सुबह लगभग 6 बजे स्कूल की आधिकारिक जीमेल पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पूर्व सीएम और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस मामले पर सरकार को घेरा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "दिल्ली के स्कूलों को बार-बार बम धमकी मिल रही हैं। हर तरफ अफ़रा-तफ़री फैलती है, स्कूलों की छुट्टी होती है, बच्चों और अभिभावकों में डर फैलता है… लेकिन एक साल से न कोई पकड़ा गया, न कोई कार्रवाई हुई। चार इंजन वाली BJP सरकार राजधानी की सुरक्षा तक नहीं संभाल पा रही। माता-पिता रोज़ डर में जी रहे हैं। आख़िर ये सब कब खत्म होगा?"

इस घटना ने राजधानी में स्कूल सुरक्षा के मुद्दे को एक बार फिर उजागर कर दिया है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी स्कूलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

KARARI
Scroll to Top