हमीरपुर में सांसद अनुराग ठाकुर का कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा वार
हमीरपुर/15/09/2025
हमीरपुर: भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में छिंज (कुश्ती) कमेटियों के जिला स्तरीय सम्मान समारोह के दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बार-बार दावा करते हैं कि “भूचाल आएगा, भूकंप आएगा, एटम बम फटेगा”, लेकिन हर बार वह और उनकी पार्टी “टांय-टांय फिस” हो जाते हैं। जैसे ही चुनाव परिणाम आते हैं, उनके धमाके धरे के धरे रह जाते हैं।
ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस बार-बार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि देश में उन्होंने 60 साल तक शासन किया। उन्होंने कांग्रेस गठबंधन दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले उन्हें खुद अपनी पार्टी और अपने कामकाज पर नजर डालनी चाहिए।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 और 35A के हटने को शांति का कारण बताया और कहा कि सीएए कानून से पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध और ईसाई समुदाय के लोगों को नागरिकता मिल पाई है। इसके अलावा, उन्होंने मुस्लिम समुदाय के हित में लाए गए नए वक्फ कानून की भी तारीफ की, जिससे करोड़ों की जमीन पर कब्जा जमाए बैठे लोगों पर रोक लगेगी। अनुराग ठाकुर ने इसे दुनिया का बेहतरीन कानून बताया।
सांसद ने हमीरपुर जिले से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-3 के काम में हो रही देरी और गुणवत्ता पर भी चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी तीन महीने में फेस-3 का काम पूरा किया जाए, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण काम में देरी हुई है, लेकिन गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
सांसद ने हिमाचल प्रदेश में आपदा प्रभावितों की स्थिति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद हिमाचल आकर पीड़ितों का हाल जाना और देवभूमि के जख्मों पर मरहम के रूप में 1500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। उन्होंने प्रदेश सरकार की मदद को “ऊंट के मुंह में जीरा समान” करार दिया।
अनुराग ठाकुर के इस बयान ने प्रदेश की सियासी हलचल को और तेज कर दिया है, जिसमें कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिल रही है।