NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हमीरपुर की कंचन जरयाल ने JRF में ऑल इंडिया 101वां रैंक हासिल किया

हमीरपुर/08/09/2025

kanchan

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बेटी कंचन जरयाल ने अपनी मेहनत और लगन से CSIR UGC-NET JRF परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 101वां रैंक हासिल कर अपने माता-पिता, क्षेत्र और पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। गलोड़ क्षेत्र के छोटे से गांव गोइस की रहने वाली कंचन ने यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल की बेटी के रूप में गर्व का क्षण बनाकर हासिल की।

कंचन की प्रारंभिक शिक्षा DAV स्कूल, कांगू से हुई। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहीं कंचन ने उच्च शिक्षा के लिए चंडीगढ़ का रुख किया। उन्होंने पोस्ट ग्रैजुएट गवर्नमेंट कॉलेज, सेक्टर-42 से B.Sc और GGDSD कॉलेज, सेक्टर-32 से M.Sc पूरी की। पढ़ाई के दौरान उनकी मेहनत और विषय के प्रति गहरी समझ ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता दिलाई।

कंचन की सफलता में परिवार का अहम योगदान रहा। उनके पिता कृष्ण जरयाल, जिन्होंने वर्षों दुबई में नौकरी करने के बाद हमीरपुर में व्यवसाय शुरू किया, हमेशा बेटी को पढ़ाई के लिए प्रेरित करते रहे। माता रेणु, जो गृहिणी हैं, ने हर कदम पर उनका समर्थन किया। कंचन के भाई अनीश जरयाल, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहे हैं, अपनी बहन की इस उपलब्धि से गर्वित हैं। कंचन ने इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्वर्गीय दादा-दादी को दिया।

यह उपलब्धि न केवल कंचन के परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। कंचन की यह कहानी युवाओं और खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं। एक छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाली कंचन ने साबित किया है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।

कंचन का कहना है कि उनकी यह सफलता उनके दादा स्वर्गीय प्रकाश चंद जरयाल और दादी सरस्वती देवी के सपनों को साकार करने वाली है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनका उद्देश्य अब अन्य छात्रों और ग्रामीण युवाओं को शिक्षा और मेहनत के महत्व का संदेश देना है।

Scroll to Top