हरिद्वार में डाट काली मंदिर के पास लैंडस्लाइड से रेल यातायात ठप
हरिद्वार/08/09/2025
हरिद्वार। सोमवार सुबह हरिद्वार के काली मंदिर के पास पहाड़ी से भयंकर लैंडस्लाइड हुआ, जिससे रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए। मलबे ने लोहे की जालियों को तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर जम गया, जिसके कारण हरिद्वार-देहरादून और हरिद्वार-ऋषिकेश रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। सुरक्षा के लिहाज से कई ट्रेनों को स्टेशन पर रोक दिया गया और यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से ट्रैक से मलबा हटाने का काम शुरू किया। अधिकारियों ने यात्रियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही रेल यातायात सामान्य किया जाएगा। यह स्थान पहले भी मलबा गिरने के लिए जाना जाता है; कुछ दिन पहले भी इसी पहाड़ी से मलबा गिरा था और रेलवे ट्रैक प्रभावित हुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार इस बार के मानसून में उत्तराखंड में लगातार जोरदार बारिश हो रही है, जिससे राज्य के कई हिस्से भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित हैं। गंगोत्री और यमुनोत्री नेशनल हाईवे लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़े हैं, जबकि रुद्रप्रयाग-कैदारनाथ नेशनल हाईवे और ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर भी कई खतरनाक स्लाइडिंग जोन बने हैं। कुमाऊं में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण 1 से 5 सितंबर तक चारधाम यात्रा भी बाधित रही।
इस घटना ने यह दिखा दिया कि उत्तराखंड में मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। रेलवे और जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहे हैं कि रेल यातायात जल्द से जल्द पुनः शुरू हो सके और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।