NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में बड़ा हादसा: पूर्व BDO का शव ले जा रही पत्नी-बेटे की कार सतलुज नदी में गिरी, तीन दिन से तलाश जारी

शिमला/18/09/2025

accident

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में दर्दनाक हादसा हुआ है, जहां लाहौल-स्पीति के काजा गांव के रहने वाले पूर्व बीडीओ छेरिंग नमग्याल का पार्थिव शरीर लेकर जा रही उनकी पत्नी छूनित डोल्मा और बेटे तनखे की कार 15 सितंबर को पुह उपमंडल के पास शासो खड्ड के समीप अनियंत्रित होकर सतलुज नदी में गिर गई। नदी की तेज धाराओं में कार बह गई और तब से मां-बेटा लापता हैं।

घटना को तीन दिन बीत जाने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है। हादसे के बाद से पूरे स्पीति क्षेत्र में शोक की लहर है। इस घटना के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन तेज धारा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गाड़ी तक पहुंच पाना मुश्किल हो रहा है।

विधायक अनुराधा राणा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि वे लगातार प्रशासन और मंत्री जगत सिंह नेगी से संपर्क में हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने की अपील की गई है।

वहीं, पूर्व मंत्री राम लाल मारकंडा ने सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि तीन दिन बीत जाने के बावजूद न तो वाहन तक पहुंचा जा सका है और न ही लापता मां-बेटे का कोई पता चल पाया है, जिससे यह आभास होता है कि लाहौल-स्पीति के लोगों की जान की कीमत को कमतर आंका जा रहा है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि तलाशी अभियान जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि लापता मां-बेटे को जल्द ढूंढ निकाला जाए।

Scroll to Top