ऊर्जा व्यापार में अहम भूमिका निभाएगा हिमाचल प्रदेश ऊर्जा प्रबंधन केंद्र : मुख्यमंत्री सुक्खू
शिमला/09/10/2025
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने बिजली की खरीद और बिक्री को सुचारू रूप से प्रबंधित करने, राज्य का राजस्व बढ़ाने और बिजली खरीद की लागत को कम करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश ऊर्जा प्रबंधन केंद्र (एचपीईएमसी) की स्थापना की है। मुख्यमंत्री आज यहां एचपी एनर्जी मैनेजमेंट सेंटर की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले सर्दियों के मौसम के मद्देनजर बिजली की खरीद के लिए कार्य योजना तैयार की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दियों के दौरान ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी होने के कारण नदियों में पानी का बहाव कम हो जाता है, जिससे बिजली उत्पादन घट जाता है। ऐसे में पहले से योजना बनाकर किफायती दरों पर बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एचपी एनर्जी मैनेजमेंट सेंटर ऊर्जा व्यापार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और राज्य को अधिकतम आर्थिक लाभ दिलाने में सहायक सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यह केंद्र पारदर्शिता, दक्षता और तकनीकी सटीकता के साथ काम करे ताकि राज्य को बिजली व्यापार में अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि इस सेंटर को पूरी पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करना होगा ताकि पारदर्शिता और अधिकतम राजस्व सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस केंद्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा इसकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार ने अपने पहले ही बजट में हिमाचल प्रदेश को 31 मार्च, 2026 तक “हरित ऊर्जा राज्य” बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश जल विद्युत उत्पादन में अग्रणी राज्य है और सरकार इसका अधिकतम उपयोग करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही है।
बैठक में ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव देवेश कुमार, निदेशक ऊर्जा राकेश प्रजापति, निदेशक एचपीएसईबीएल (वित्त) अनुराग चंद्र शर्मा, विशेष सचिव शुभकरण सिंह तथा ऊर्जा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।