इलियास कश्मीरी का बड़ा खुलासा: मुनीर के कहने पर आतंकियों के जनाज़े में पहुंची पाक सेना
जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने पाकिस्तान की असलियत को उजागर करते हुए बड़ा खुलासा किया है। इलियास ने एक ऑनलाइन वीडियो में बताया कि पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने खुद आदेश दिया था कि भारत के ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में सेना को शामिल किया जाए।
इलियास ने कहा कि “GHQ ने शहीदों को सलामी देने और कॉर्प्स कमांडरों को जनाज़े में सेना की वर्दी पहनकर भेजने का आदेश दिया था।” यह बयान पाकिस्तान की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
कश्मीरी ने आगे बताया कि आतंकियों के अंतिम संस्कार के दौरान सेना की मौजूदगी की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिसने पाकिस्तान सरकार की आतंकियों के साथ मिलीभगत को दुनिया के सामने ला दिया।
इसी वीडियो में इलियास ने सरगना मौलाना मसूद अजहर की भारत विरोधी गतिविधियों का भी ज़िक्र किया और कहा कि अजहर ने IC-814 विमान अपहरण के बाद पाकिस्तान में बालाकोट जैसे इलाकों को ठिकाना बनाया और भारत पर हमलों की साज़िशें बढ़ाईं।
वहीं, लश्कर-ए-तैयबा के एक अन्य आतंकी सैफुल्लाह कसूरी ने भी पाकिस्तान सरकार और सेना पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय नेताओं को टारगेट करने के लिए उन्हें मदद दी जाती रही है।
भारत पहले भी पाकिस्तान पर आतंकी संगठनों को सीधे तौर पर समर्थन देने और उनकी गतिविधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाता रहा है। इस बड़े खुलासे के बाद पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दबाव और बढ़ सकता है।