NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कुल्लू दशहरा 2025: सुरक्षा और सुविधाओं के बीच तैयारियां पूरी, उपमुख्यमंत्री ने दी दिशा-निर्देश

कुल्लू/28/09/2025

mukesh agni

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा 2025 के सफल आयोजन को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाषा एवं संस्कृति विभाग के सचिव राकेश कंवर, निदेशक LAC श्रीमती रीमा कश्यप, संयुक्त निदेशक LAC भानु गुप्ता, कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, मिल्क फेडरेशन के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, जिला उपायुक्त कुल्लू श्रीमती तोरुल एस. रविश, पुलिस अधीक्षक कुल्लू डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुल्लू दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह धर्म, संस्कृति, समाज और इतिहास का अद्वितीय संगम है, जो हिमाचल प्रदेश की वैश्विक पहचान स्थापित करता है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति द्वारा खर्च कम करने और केवल हिमाचली कलाकारों को शाम के कार्यक्रमों में शामिल करने के निर्णय की सराहना की।

श्री अग्निहोत्री ने कहा कि प्रशासन को सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाएंगे और पूरे आयोजन स्थल पर सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। कुल्लू शहर में जल आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो चुकी है, और जरूरत के अनुसार आयोजन स्थल पर अतिरिक्त पेयजल के नल लगाए जाएंगे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आयोजन स्थल और पूरे शहर में साफ-सफाई, पर्याप्त पार्किंग और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जिला उपायुक्त कुल्लू, श्रीमती तोरुल एस. रविश ने पिछले साल के दशहरा उत्सव की आय-व्यय रिपोर्ट प्रस्तुत की और इस साल के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पुष्टि की कि जिला प्रशासन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Scroll to Top