मंडी में बादल फटने से भारी तबाही: शिवाबदार में दो भाइयों की लाशें बरामद, धर्मपुर में दो लोग अभी भी लापता
मंडी/18/09/2025
मंडी जिले के धर्मपुर और पंडोह के शिवाबदार में 15 और 16 सितंबर को बादल फटने और लगातार हुई बारिश के कारण भयंकर फ्लैश फ्लड आया। इस प्राकृतिक आपदा ने क्षेत्र में तबाही मचा दी। शिवाबदार में दो चचेरे भाइयों, प्रेम सिंह और मनोहर लाल, की लाशें नाले से बरामद की गई हैं। वहीं, धर्मपुर में दो लोग अभी भी लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
धर्मपुर में फ्लैश फ्लड से करीब 100 दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ, साथ ही एचआरटीसी की 20 बसें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया। डीएसपी संजीव सूद ने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार लापता व्यक्तियों और गाड़ियों की खोज में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक और ड्रोन यूनिट का उपयोग किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की मदद के लिए प्रशासन ने अस्थायी राहत शिविर भी स्थापित किए हैं। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि बचाव और राहत कार्य पूरी गंभीरता से जारी हैं और लापता लोगों को जल्द सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।