पौंग डैम से 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा, फतेहपुर और इंदौरा में हाई अलर्ट
कांगड़ा/04/10/2025
कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में पौंग बांध से आज फिर से पानी छोड़ा जा रहा है, जिसके मद्देनजर फतेहपुर और इंदौरा विधानसभा क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि 4 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से पौंग डैम पावर हाउस की टरबाइनों से लगभग 50,000 क्यूसेक और स्पिलवे गेटों से 32,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा। कुल मिलाकर पानी की निकासी 50 हजार क्यूसेक तक रहेगी।
इस दौरान जिला प्रशासन ने सिविल, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभागों को अलर्ट किया है और स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की हिदायत दी है। पिछले साल जब डैम से पानी छोड़ा गया था, तो कई गांवों में तबाही हुई थी, खेत-खलिहान और फसलें ब्यास नदी की तेज धार में बह गई थीं। ऐसे में प्रशासन ने इस बार सतर्क रहने और सुरक्षा इंतजाम सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम फतेहपुर, विश्रुत भारती ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी किनारे जाने से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। फतेहपुर और इंदौरा के लोग पिछले अनुभव के कारण ब्यास नदी की तेज लहरों से सहमे हुए हैं और प्रशासन की तरफ से जारी अलर्ट को गंभीरता से ले रहे हैं।
पानी छोड़ने की इस कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और खेतों, घरों और निजी संपत्तियों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि डैम से पानी छोड़ने की प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह सक्रिय रहेंगे, ताकि पिछले नुकसान की पुनरावृत्ति न हो।