पंजाब: जालंधर में IED और RDX सहित दो आतंकवादी गिरफ्तार, बड़ा हमला नाकाम
जालंधर/09/10/2025
पंजाब पुलिस ने जालंधर में बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है, जो राज्य में बड़ा हमला अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास विस्फोटक और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजिंदर सिंह और दीवान सिंह के रूप में हुई है। इनके पास से 2.5 किलो IED और RDX, एक रिमोट कंट्रोल और पांच आधुनिक पिस्तौल तथा मैगजीन बरामद की गई है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इन उपकरणों का इस्तेमाल लक्षित आतंकवादी हमले को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
यह मॉड्यूल ब्रिटेन स्थित हैंडलर निशान जौरियन और आदेश जमराई द्वारा संचालित किया जा रहा था। दोनों आरोपियों को बब्बर खालसा इंटरनेशनल के नेता हरविंदर सिंह रिंदा के निर्देश पर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि यह कार्रवाई पाकिस्तान की ISI द्वारा प्रायोजित अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद और संगठित अपराध नेटवर्क के खिलाफ लगातार की जा रही कार्रवाइयों का हिस्सा है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि बरामद हथियार पंजाब में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए गैंगस्टरों और अपराधियों को सप्लाई किए जाने वाले थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अमृतसर के एसएसओसी पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पंजाब पुलिस ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए आतंकवाद और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।