रोहड़ू में राकेश सिघां व संजय चौहान के विरोध में 'मुर्दाबाद' और 'गो बैक' के नारे
रोहड़ू/03/10/2025
रोहड़ू उपमंडल ब्लॉक छौहारा के लिंबड़ा गांव में पिछले दिनों 12 साल के बच्चे द्वारा आत्महत्या की घटना को लेकर पूर्व विधायक राकेश सिघां और शिमला के पूर्व महापौर संजय चौहान पीड़ित परिवार से सांत्वना देने गए। लेकिन इस दौरान जांगला में स्वर्ण समाज के लोगों ने उनका विरोध किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जब मामला न्यायालय में विचाराधीन है और पुलिस द्वारा जांच की जा रही है, तब बाहरी नेता यहाँ क्यों आए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच करीब 25 मिनट तक बहस चली। विरोध में स्थानीय निवासियों ने ‘राकेश सिघां व संजय चौहान मुर्दाबाद’ और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि बाहरी नेताओं का राजनीतिक हस्तक्षेप क्षेत्र में भाईचारा और सौहार्द को खतरे में डाल सकता है। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की और कहा कि मामले में बाहरी लोगों का आने पर रोक लगाई जाए, ताकि दो पक्षों के बीच तनाव न बढ़े।
स्थानीय लोगों का कहना था कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और यदि प्रशासन सख्ती नहीं दिखाता, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने साफ किया कि किसी भी राजनीतिक हित के लिए इस मामले का इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा।
इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक संवेदनशीलता को उजागर किया है और प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग को बल दिया है।