NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अमेरिकी दबाव पर रूस का पलटवार: भारत को कच्चे तेल पर 5% छूट, कहा– हमारा बाज़ार भारतीय सामान के लिए हमेशा खुला रहेगा

BABUSHKIN

नई दिल्ली। भारत पर अमेरिका द्वारा कच्चे तेल की खरीद को लेकर बनाए जा रहे दबाव के बीच रूस ने बड़ा और ऐतिहासिक ऐलान किया है। रूस ने भारत को कच्चे तेल पर 5% छूट देने का फैसला किया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि उसका बाज़ार हमेशा भारतीय सामान के लिए खुला रहेगा। यह कदम भारत के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, क्योंकि अमेरिका लगातार टैरिफ और प्रतिबंधों की आड़ में भारत पर दबाव बना रहा है।

भारत स्थित रूसी राजदूत रोमन बाबुश्किन ने कहा कि अगर भारतीय उत्पादों को अमेरिकी बाज़ार में कठिनाई का सामना करना पड़ता है, तो रूस हर स्तर पर भारत का साथ देगा। उन्होंने कहा कि असली दोस्त वही है, जो मुश्किल वक्त में साथ खड़ा रहे। बाबुश्किन ने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा कि जो खुद को भारत का मित्र बताता है, उसे इस तरह का दबाव नहीं डालना चाहिए।

गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से कच्चे तेल के आयात पर 25% तक का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है। इसका सीधा असर भारत जैसे देशों पर पड़ा है, जो रूस से बड़ी मात्रा में तेल आयात करते हैं। ऐसे में रूस ने भारत को भरोसा दिलाया है कि अमेरिकी दबाव का असर भारत-रूस संबंधों पर नहीं पड़ेगा।

राजदूत ने साफ शब्दों में कहा कि भारत चाहे तो रूस से निर्भय होकर कच्चा तेल खरीद सकता है। उन्होंने दोहराया कि रूस हमेशा भारत का भरोसेमंद साझेदार रहा है और रहेगा।

रूस का यह ऐलान भारत के लिए दोहरी राहत लेकर आया है—एक ओर कच्चे तेल पर 5% छूट, दूसरी ओर भारतीय सामान के लिए रूस का खुला बाज़ार। विशेषज्ञ मानते हैं कि यह कदम आने वाले समय में भारत-रूस आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करेगा।

Scroll to Top