शिमला के प्राचीन माता मंदिर में चोरी नकदी और चांदी के कीमती आभूषण चोरी
शिमला/14/09/2025
शिमला जिले के देहा थाना क्षेत्र के बागेश्वर गांव में स्थित एक प्राचीन माता मंदिर में चोरी की गंभीर घटना सामने आई है, जहां चोरों ने मंदिर का दरवाजा तोड़कर दानपात्र में रखी पूरी नकदी और चांदी के कीमती आभूषण चुरा लिए। पीड़ित रमेश चंद के अनुसार, जब वे सुबह मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का कुंडा टूटा हुआ था और अंदर जाकर देखा गया कि दानपात्र का ताला भी तोड़ा गया था।
चोर यहां से एक चांदी की छड़ी (जिस पर सोने का अंडा जड़ा हुआ था), चार छोटी चांदी की मूर्तियां और 11 चांदी के सिक्कों से सजा एक हार चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 90,000 रुपये आंकी गई है। घटना की सूचना मिलते ही देहा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भारतीय दंड संहिता की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस चोरी से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, उन्होंने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।