NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस सरकार पर किया हमला: झूठी गारंटियों पर सत्ता हथियाने वाले अब वोट चोरी अभियान चला रहे

धर्मशाला/04/10/2025

trilok

धर्मशाला: हिमाचल भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मंत्रिमंडल पर तीखा हमला बोला है। धर्मशाला से जारी बयान में उन्होंने कहा कि सड़क से लेकर सदन तक झूठी गारंटियों के नाम पर जनादेश हथियाने वाले अब किस मुंह से वोट चोरी का अभियान चला रहे हैं।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि जिन नेताओं ने जनता को 10 गारंटियों का भरोसा दिलाया था, वे अब जनता के सामने आने से कतरा रहे हैं। लोग सड़कों और चौराहों पर कांग्रेस नेताओं को रोक-रोककर इन गारंटियों का हिसाब मांग रहे हैं, लेकिन न मुख्यमंत्री के पास कोई जवाब है और न ही मंत्रियों और विधायकों के पास।

कपूर ने याद दिलाया कि सत्ता में आने से पहले कांग्रेस ने कैबिनेट में एक लाख नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन सत्ता में आने के बाद डेढ़ लाख से अधिक पद समाप्त कर दिए गए और 15,000 से अधिक लोगों की नौकरियां छीन ली गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर केवल नेताओं के परिवारजन और खास मित्र ही लाभ उठा रहे हैं, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आपदा प्रभावित लोगों को न तो राहत मिली और न ही सड़कों व मुख्य मार्गों की मरम्मत की गई। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और विधायकों को जनता से मिलने का अधिकार नहीं दिया, जिससे वे जनता के पास आने से बच रहे हैं। कपूर ने चेतावनी दी कि जनता अब हर मोर्चे पर कांग्रेस सरकार से हिसाब मांगने को तैयार है।

Scroll to Top