NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ऊना SDM रेप केस में पीड़िता से समझौता, HC ने मांगी स्टेट्स रिपोर्ट; आरोपी को फिलहाल कोई राहत नहीं

ऊना/04/10/2025

sdm mohan

ऊना। हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में ऊना के SDM विश्व मोहन देव चौहान के खिलाफ दर्ज रेप केस की जमानत याचिका पर आज फिर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट को जानकारी दी गई कि पीड़िता ने आरोपी से समझौता कर लिया है। इस तथ्य की सत्यता जांचने के लिए न्यायाधीश राकेश कैंथला की बेंच ने राज्य सरकार को अगली सुनवाई में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। अगली सुनवाई 6 अक्टूबर को होगी। फिलहाल, आरोपी को कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है।

युवा SDM 11 दिन से फरार हैं। ऊना पुलिस उनकी तलाश में कई जगह दबिश दे रही है, लेकिन उन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की हुई है। SDM पर आरोप है कि उन्होंने एक युवती से शादी का झांसा देकर जबरन रेप किया, जान से मारने की धमकी दी और वीडियो दिखाकर ब्लैकमेल किया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 23 सितंबर को मामला दर्ज किया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए SDM से हुई। अधिकारी ने उन्हें कई बार ऑफिस बुलाया और 10 अगस्त को जब वह ऑफिस पहुंची तो आरोपी ने पर्सनल रूम में उन्हें शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इसके बाद 20 अगस्त को आरोपी ने उन्हें रेस्ट हाउस ऊना बुलाया और फिर से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने वीडियो दिखाकर उन्हें ब्लैकमेल किया और शादी का झांसा दिया, लेकिन बाद में कह दिया कि उनकी पहले ही सगाई हो चुकी है और वह किसी का कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

इस मामले पर महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की चेयरमैन विद्या देवी ने SP ऊना को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवा लिया है। कोर्ट ने आरोपी को अंतरिम जमानत देने से इनकार किया है और अगली सुनवाई में सभी रिपोर्टों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Scroll to Top