NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

विजय मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन का 20वां स्थापना दिवस, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की अध्यक्षता

मंडी/03/10/2025

dcm mukesh

बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बड़सू स्थित विजय मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में आज 20वां स्थापना दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और कॉलेज परिसर में नई इकाई का उद्घाटन तथा छात्रावास का शिलान्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान उप-मुख्यमंत्री ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में विशेष सुधार कर रही है, जिसका नतीजा है कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश के टॉप फाइव राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर था, लेकिन अब यह सुधारकर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

मुकेश अग्निहोत्री ने इस मौके पर घोषणा की कि प्रदेश सरकार जल्द ही 13 हजार शिक्षकों के पद भरेगी। उन्होंने कहा कि निजी शिक्षण संस्थान भी विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कॉलेज प्रबंधन को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान किया।

उप-मुख्यमंत्री ने समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये देने की घोषणा की और कॉलेज कैंपस में पौधारोपण भी किया। इस दौरान प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को वीडियो के माध्यम से याद किया गया और श्रद्धांजलि दी गई।

कॉलेज के चेयरमैन गौरव मरवाह ने उप-मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कॉलेज की उपलब्धियों तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी।

समारोह में पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, एपीएमसी चेयरमैन संजीव गुलेरिया, केशव नायक, हेमंत शर्मा, तरूण पाठक, चमन राही, अनिल शर्मा, अनुपमा शर्मा, जल शक्ति विभाग के इंजीनियर इन चीफ धर्मेंद्र गिल, चीफ इंजीनियर मंडी उपेन्द्र वैद्य, एसडीएम स्मृतिका नेगी, कॉलेज प्राचार्य डॉ. दीप्ति मरवाह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Scroll to Top