NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

जेएनयू में छात्र प्रदर्शन: पुलिस और छात्रों के बीच झड़प, 28 छात्र हिरासत में

नई दिल्ली/19-10-2025

jnu

नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्र संघ चुनाव की संभावित तिथि नजदीक आने के साथ ही परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शनिवार देर रात छात्रों और पुलिस के बीच जोरदार झड़प हुई, जिसमें दिल्ली पुलिस ने जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) के अध्यक्ष नीतेश कुमार, उपाध्यक्ष मनीषा, महासचिव मुंतिया फातिमा समेत कुल 28 छात्रों को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 100 छात्र-छात्राएं पश्चिमी गेट पर इकट्ठा हुए और वसंत कुंज उत्तर थाने तक मार्च निकालते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। नेल्सन मंडेला मार्ग पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों की आवाजाही रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्रों ने बलपूर्वक बैरिकेड तोड़ दिया और सड़क पर उतर आए, जिससे ट्रैफिक बाधित हो गया।

जेएनयूएसयू अध्यक्ष नीतेश कुमार ने बताया कि स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज (SSS) में जनरल बॉडी मीटिंग के दौरान उन्हें, वाइस-प्रेसिडेंट, जनरल-सेक्रेटरी और काउंसलर को एबीवीपी के छात्रों ने करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उन्हें जातिवादी गालियां दी गई और शारीरिक रूप से पीटा गया। उन्होंने कहा कि तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

इस घटना के विरोध में छात्रों ने वसंत कुंज पुलिस स्टेशन तक मार्च निकालने का फैसला किया। इसी दौरान पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया और करीब 100 छात्रों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रों से बातचीत की गई है और मामले की जांच जारी है। हालांकि, छात्र संघ के पदाधिकारी पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट रहे और थाने के घेराव पर अड़े रहे। स्थिति पर अंततः पुलिस ने नियंत्रण पाया और हिरासत में लिए गए छात्रों से पूछताछ जारी है।

यह घटना परिसर में छात्र संघ चुनाव और स्कूल जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) के दौरान हुई हिंसा से जुड़ी बताई जा रही है। छात्र संगठन का आरोप है कि GBM के दौरान हुई मारपीट में शामिल लोगों पर अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, और इसी कारण छात्रों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

Scroll to Top