NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

त्रिलोक का आरोप: कांग्रेस सरकार पंचायती राज चुनावों से भाग रही

शिमला/09/10/2025

jamwal

शिमला: भाजपा प्रदेश वरिष्ठ त्रिलोक जमवाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और उनके मुखिया पंचायत चुनावों से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है जिससे साफ दिख रहा है कि यह लोग पंचायती राज चुनावों को दो वर्ष आगे ले जाना चाहते हैं।

त्रिलोक ने कहा कि पहले मंत्रिमंडल ने चुनाव को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया, फिर चुनाव आयोग के साथ टकराव, वोटर लिस्ट अधूरी होने का बहाना, सरकार द्वारा लगातार यह कहना कि जनगणना नहीं हुई इसलिए चुनाव नहीं हो सकता, और उसके उपरांत टाउन एंड कंट्री प्लानिंग को चुनावी प्रक्रिया में डालना जैसे कदम उठाए गए। ऐसे कई उदाहरण पहले भी सामने आ चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अब राज्य के कई जिलों के डीसी ने सचिव पंचायतीराज को चुनाव टालने के लिए पत्र लिखे हैं। इन पत्रों में आपदा के कारण निजी और सरकारी संपत्ति, सड़कों और रास्तों को हुए नुकसान का हवाला दिया गया है। ग्रामीण इलाकों में मनरेगा के तहत विभिन्न कार्य शुरू किए गए हैं और प्रशासन तथा विभाग के कर्मचारी आपदा राहत कार्यों में व्यस्त हैं। इसे देखते हुए सरकार से डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के प्रावधानों के तहत आवश्यक आदेश जारी करने का आग्रह किया गया है। त्रिलोक ने कहा कि यह तभी संभव है जब सरकार के मुखिया इस प्रकार के आदेश देंगे।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया ताकि सरकारी कर्मचारियों पर दबाव बनाकर चुनाव टालने की सुविधा बनाई जा सके। उन्होंने कहा कि आज चुनाव कराए जाने पर कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं मिलेगा, और यही कारण है कि पार्टी पंचायत चुनावों से भाग रही है।

त्रिलोक ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की 3615 पंचायतों और 73 नगर निकायों में इसी वर्ष चुनाव होने हैं, लेकिन वर्तमान हालात को देखते हुए ये चुनाव समय पर होते नहीं दिख रहे हैं। राज्य सरकार ने चुनाव आयोग के आदेशों के बावजूद अब तक आरक्षण रोस्टर नहीं लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की तानाशाही लंबे समय तक नहीं चलेगी और सरकार को या तो चुनाव करवाने होंगे या करारी हार का सामना करना पड़ेगा।

Scroll to Top