शिमला में HRTC बस में आग लगने से मची अफरा-तफरी, 20 से ज्यादा यात्री सुरक्षित बाहर निकले
शिमला/18/10/2025
शिमला के रामपुर तकलेच बाजार में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक सवारियों से भरी बस के इंजन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बस में उस समय 20 से अधिक यात्री सवार थे। ड्राइवर ने तुरंत धुआं उठते ही बैटरी की वायर को डिस्कनेक्ट किया, जिससे बड़े हादसे से बचा जा सका।
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग जान बचाकर बस से बाहर भाग रहे हैं। हादसे के कारण बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में डर का माहौल रहा।
स्थानीय लोग HRTC की पुरानी बसों को लेकर लगातार शिकायत कर रहे हैं। ग्रामीण इलाकों में पुरानी बसें भेज दी जाती हैं, जिनमें अक्सर तकनीकी खराबियाँ आ जाती हैं। किसी बस का टायर पंक्चर हो जाता है, तो किसी का इंजन या अन्य पुर्जे खराब हो जाते हैं। इस हादसे के बाद स्थानीय निवासी राकेश नेगी, अनिल और राम सिंह ने बसों के आधुनिकीकरण की मांग दोहराई ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
इस घटना ने बस सेवा की सुरक्षा और समय पर रखरखाव की आवश्यकता पर ध्यान आकर्षित किया है।