NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

सीजफायर के बीच पाकिस्तान की ‘ना-पाक’ चाल: अफगानिस्तान पर हवाई हमला, 6 की मौत, 7 घायल

काबुल/18/10/2025

sizfuure

काबुल: पाकिस्तान ने एक बार फिर अपने वादों से मुंह मोड़ते हुए सीजफायर के दौरान अफगानिस्तान पर हवाई हमला कर दिया। दक्षिण-पूर्वी पक्तिका प्रांत में हुई इस घातक कार्रवाई में कम से कम छह लोगों की मौत और सात अन्य घायल हो गए हैं। मारे गए लोगों में दो बच्चे और कई महिलाएं शामिल हैं। यह हमला हाल ही में घोषित युद्धविराम समझौते का खुला उल्लंघन माना जा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी विमानों ने अरगुन और बरमाल जिलों के घनी आबादी वाले इलाकों को निशाना बनाया। पहले दौर के हमले के बाद दूसरी लहर में भी बमबारी जारी रही, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए और ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।

अफगान मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह हमला ऐसे समय में हुआ जब दोनों देशों ने हाल ही में 48 घंटे का संघर्षविराम लागू किया था। पाकिस्तान ने स्वयं प्रस्ताव रखा था कि दोहा में चल रही वार्ता के खत्म होने तक दोनों देश सीमा पर शांति बनाए रखेंगे। लेकिन वार्ता शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान ने समझौते को तोड़ते हुए हमला कर दिया।

रक्षा मंत्री मौलवी मोहम्मद याकूब मुजाहिद की अगुवाई में अफगान प्रतिनिधिमंडल शनिवार को दोहा रवाना होने वाला था, जबकि पाकिस्तान की ओर से रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर पहले ही पहुंच चुके थे। इस घटना ने अब दोनों देशों के बीच संवाद के माहौल को झटका दिया है।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने दो दिन पहले बयान जारी करते हुए कहा था कि “दोनों पक्षों ने 48 घंटे के युद्धविराम पर सहमति जताई है ताकि रचनात्मक बातचीत के जरिए स्थायी समाधान खोजा जा सके।” लेकिन शुक्रवार की रात हुए इस हवाई हमले ने पाकिस्तान की नीयत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि “अफगान बलों को निर्देश दिया गया है कि जब तक उन पर हमला न हो, वे युद्धविराम का सम्मान करें।”

यह हमला न सिर्फ सीजफायर की भावना को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह दोनों पड़ोसी देशों के बीच विश्वास की खाई को और गहरा कर सकता है। अब सभी की नजरें दोहा में होने वाली वार्ता पर टिकी हैं, जहां इस तनावपूर्ण माहौल के बीच बातचीत होना चुनौतीपूर्ण रहेगा।

Scroll to Top