NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हैदराबाद-बेंगलुरु बस हादसा: नींद में जल गए 20 से ज्यादा यात्री

कुरनूल/24/10/2025

bus accifent

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की वोल्वो बस देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर अचानक आग की लपटों में घिर गई, जिससे 20 से ज्यादा लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दर्जनों यात्री झुलसकर घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक बस से जा टकराई, जिससे ईंधन टैंक फट गया और देखते ही देखते बस आग का गोला बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बस में कुल 41 यात्री सवार थे, जिनमें से कई लोग गहरी नींद में थे। अचानक धुआं भरने से जब लोगों की आंख खुली तो चारों ओर आग ही आग थी। कई यात्रियों ने खुद को बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने की कोशिश की, जबकि कई अंदर ही फंस गए। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई, और उसकी हालत देखकर राहतकर्मियों तक की आंखें नम हो गईं।

पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे से अधिक का समय लगा। घायलों को तुरंत कुरनूल जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर मृतक हैदराबाद के रहने वाले थे। हादसे के बाद बस के दोनों चालक फरार हो गए, हालांकि पुलिस ने एक चालक को हिरासत में ले लिया है।

डीआईजी कोया प्रवीण ने बताया कि “बस में कुल 39 वयस्क और 2 बच्चे सवार थे। अब तक 19 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और 11 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों की पहचान डीएनए टेस्ट के जरिए की जाएगी, क्योंकि ज्यादातर शव पूरी तरह जल चुके हैं।”

कुरनूल जिला कलेक्टर डॉ. ए. सिरी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 3:10 बजे हुआ। बाइक बस के नीचे जा फंसी और टक्कर के तुरंत बाद ईंधन रिसाव से आग फैल गई। उन्होंने बताया कि “घटनास्थल से अब तक 21 यात्रियों को जीवित बचाया गया है, जबकि बाकियों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।”

इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोल्ला रमेश (35), उनकी पत्नी अनुषा (30) और दो बच्चों मनविता (10) और मनीष (12) के रूप में हुई है। ये सभी नेल्लोर जिले के गोलावारीपल्ली गांव के रहने वाले थे। परिवार के चारों सदस्य हैदराबाद से बेंगलुरु किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।

दूसरी ओर, सत्यनारायण, हरिका, श्रीलक्ष्मी, नवीन कुमार, अखिल, अकीरा, जश्मिता, रमेश, जयसूर्या, सुब्रमण्यम, रामिरेड्डी और वेणुगोपाल रेड्डी जैसे कई यात्री इस हादसे में बाल-बाल बच गए। इन सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “कुरनूल में हुई बस दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करती हूं।”

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि, “आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से अत्यंत पीड़ा हुई है। मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि दी जाएगी।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे को “राज्य की बड़ी त्रासदी” बताया और प्रशासन को घायलों के बेहतर इलाज व मृतकों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दुर्घटना के कारणों की गहन जांच करवाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बस परिचालन की खामियों को उजागर करता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवे पर रात के समय कई बार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी होती है। पुलिस ने बाइक सवार की पहचान करने और चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

कुरनूल की इस दर्दनाक बस त्रासदी ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं — कोई नौकरी पर जा रहा था, कोई परिवार से मिलने, और कुछ त्योहारी छुट्टियों में घर लौट रहे थे। पर अब बस राख हो चुकी है, और उसके साथ कई सपने भी।

accident 3
Scroll to Top