NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

ऑस्ट्रेलिया में ढेर हुई टीम इंडिया: खराब फील्डिंग, कमजोर रणनीति और गलत टीम चयन बने हार की बड़ी वजहें

vanday

भारत का ऑस्ट्रेलिया दौरा निराशाजनक साबित हुआ, जहां शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज हार गई। एडिलेड ओवल में खेले गए दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 2 विकेट से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया। यह वही एडिलेड मैदान है जहां भारत पिछले 17 सालों से कोई वनडे नहीं हारा था, लेकिन इस बार यह रिकॉर्ड भी टूट गया।

पिछले साल इंग्लैंड को 3-0 से हराने और चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद टीम इंडिया से ऑस्ट्रेलिया में शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी। लेकिन खराब फॉर्म, गलत प्लानिंग और कमजोर फील्डिंग ने भारत का अभियान पटरी से उतार दिया। आइए जानते हैं वो 3 बड़ी गलतियां जिनकी वजह से भारत को सीरीज गंवानी पड़ी —

1. विराट कोहली का लगातार फ्लॉप होना

भारत की हार की सबसे बड़ी वजह विराट कोहली की खराब बल्लेबाज़ी रही। ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने कोहली दोनों वनडे में खाता तक नहीं खोल सके। यह पहली बार हुआ जब विराट लगातार दो वनडे में ऑस्ट्रेलिया में “डक” पर आउट हुए। उनसे बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा।

2. कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना

कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल का टीम चयन सवालों के घेरे में है। दोनों ने दोनो मुकाबलों में कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को बाहर रखा, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने हर मैच में अपने स्पिनरों का बेहतरीन इस्तेमाल किया। पर्थ में मैथ्यू कुहनेमन ने 2 विकेट झटके तो एडिलेड में एडम जांपा ने 4 विकेट लेकर भारत को झटका दिया। कुलदीप की अनुपस्थिति भारत के लिए भारी साबित हुई।

3. फील्डिंग में लगातार चूक

भारत की फील्डिंग इस सीरीज में बेहद कमजोर रही। दो मैचों में भारतीय फील्डर्स ने कुल तीन आसान कैच छोड़े, जिनमें मैथ्यू शॉर्ट का कैच भी शामिल था, जिन्होंने बाद में 78 गेंदों में 74 रन की पारी खेली। एशिया कप से लेकर अब तक भारतीय टीम कुल 15 कैच ड्रॉप कर चुकी है, जो चिंता का विषय है।

भारतीय टीम को अगर भविष्य की सीरीजों में जीत हासिल करनी है, तो उसे इन तीनों मोर्चों पर सुधार करना होगा — बल्लेबाज़ी में निरंतरता, रणनीति में लचीलापन और फील्डिंग में फुर्ती। सीरीज का तीसरा और अंतिम वनडे अब 25 अक्टूबर को सिडनी में खेला जाएगा, जहां भारत सम्मान बचाने के इरादे से उतरेगा।

Scroll to Top