NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

लुधियाना में धमाका: घर में रखे पोटाश और पटाखों में विस्फोट से मचा हड़कंप, 15 लोग घायल

लुधियाना/23/10/2025

dhmakaa

लुधियाना। पंजाब के लुधियाना शहर के चीमा चौक इलाके में गुरुवार को एक रिहायशी घर में भीषण धमाका होने से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर पोटाश और पटाखों का जखीरा रखा गया था, जिसमें अचानक आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ। हादसे में बच्चों समेत करीब 15 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उस्मान नामक व्यक्ति के घर में पटाखे और बारूद रखा हुआ था। दोपहर के समय बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे घर में रखे पोटाश और पटाखों में धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आस-पास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए और इलाके में भगदड़ मच गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घर लंबे समय से पटाखे बनाने और रखने के काम में इस्तेमाल किया जा रहा था। घटना के समय कई बच्चे घर के पास खेल रहे थे और कुछ अंदर भी मौजूद थे, जिससे वे भी विस्फोट की चपेट में आ गए। पड़ोसियों ने बताया कि उन्होंने जैसे-तैसे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।

घटनास्थल पर तुरंत पुलिस और दमकल विभाग की टीमें पहुंचीं और आग पर काबू पाया। एडीसीपी समीर वर्मा ने बताया कि विस्फोट में 14 से 15 लोग घायल हुए हैं और सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घर में बड़ी मात्रा में पोटाश और पटाखे रखे गए थे, जिससे हादसा हुआ। फिलहाल इलाके की पूरी तलाशी ली जा रही है ताकि कहीं और ऐसे अवैध स्टॉक न हों।

वहीं, विधायक अशोक पाराशर पप्पी ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और रिहायशी इलाके में पटाखे जमा करना अपराध है। प्रशासन ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि हादसे में घायल बच्चों और परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी।

फिलहाल पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। इलाके में अभी भी मलबा हटाने और सुरक्षा जांच का कार्य जारी है।

Scroll to Top