NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

शिमला: बस में युवती से अश्लील हरकत, आरोपी पर मामला दर्ज

शिमला/23/10/2025

hhartk

शिमला। राजधानी शिमला में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक और शर्मनाक घटना सामने आई है। ढली थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने बस में सफर कर रही युवती के साथ अश्लील हरकत की। यह घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे खटनोल से शिमला आ रही बस में पेश आई।

25 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब बस ढली के पास पहुंची, तो उसी में सफर कर रहे एक युवक ने उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। आरोपी की पहचान सुन्नी क्षेत्र के बाघ गांव निवासी सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है।

युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने बस में उसके शरीर को छुआ और स्वैटर के अंदर हाथ डालने की कोशिश की। युवती ने तुरंत बस कंडक्टर को घटना की जानकारी दी। कंडक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलने पर ढली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती का बयान दर्ज किया और आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और जल्द ही उसे हिरासत में लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा, और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत करने से पहले सौ बार सोचे।

Scroll to Top